सदानंद कुमार प्रउहा सह संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(तनेरा) ग्राम पंचायत तनेरा में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव परिवार तनेरा के आयोजन में भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मटकी फोड़ और कबड्डी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं, जिनमें ग्रामीणों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। खेलों के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और दर्शकों ने उनका उत्साह बढ़ाया।

कबड्डी प्रतियोगिता में कबड्डी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली तीहाईपारा टीम को 2100 रुपये तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली ढोडीपारा टीम को 1100 रुपये पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं अन्य आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी निर्धारित पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

आयोजकों ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का उद्देश्य ग्रामीणों को धार्मिक आस्था के साथ-साथ खेल और सामाजिक सहभागिता से जोड़ना है। पूरे आयोजन के दौरान गांव में उत्सव का माहौल बना रहा। आयोजन के सफल संचालन में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव परिवार तनेरा एवं ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।