जिले के सभी 23 धान खरीदी केंद्रों में तैयारियां पूर्ण करने कलेक्टर ने दिए निर्देश

कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम 

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही)खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होने से पूर्व तैयारियों के तहत धान खरीदी व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों, समिति प्रबंधकों और कंप्यूटर ऑपरेटरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्ट्रेट के अरपा सभाकक्ष में आयोजित बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता के साथ समर्थन मूल पर खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जिले के सभी 23 धान खरीदी केंद्रों में खरीदी शुरू होने से पहले आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने तथा मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। केंद्रों में पर्याप्त बारदानों की उपलब्धता के साथ किसानों के लिए शेड, छाया, पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था करने कहा।

        राज्य शासन द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार इस वर्ष आगामी 15 नवंबर से 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी किया जाएगा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा आपसी समन्वय से खरीदी व्यवस्था का सुचारु संचालन सुनिश्चित करें। किसी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल जिला प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि समय पर उसका समाधान किया जा सके। खरीदी प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी के लिए कलेक्टर ने सभी धान खरीदी केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रभारी अपर कलेक्टर आकांक्षा पांडेय, सभी एसडीएम, तहसीलदार सहित खाद्य, सहकारिता, मार्कफेड, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, राजस्व निरीक्षक, खाद्य निरीक्षक, समिति प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर उपस्थित थे।