कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम 

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) कलेक्टर विजय दयाराम के ने गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत आमाडोब के बरलगान पारा में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया, विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली तथा ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण का आश्वासन दिया। कलेक्टर बाइक से शिविर स्थल पहुंचे और स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित शिविर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने हितग्राहियों को मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानियों का वितरण किया। शिविर में ग्रामीणों की मलेरिया जांच के साथ ही हीमोग्लोबिन, रक्तचाप एवं शुगर की जांच की गई। 

     कलेक्टर ने ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए कहा कि बुखार आने पर लापरवाही नहीं बरतने और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर मलेरिया की जांच कराएं। उन्होंने ग्रामीणों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मलेरिया के प्रति जागरूक करने की अपील की। कलेक्टर ने विकसित भारत जन-जन अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।

उन्होंने बरलगान पारा निवासी रामसनेही मरावी के परिवार से मुलाकात कर पेयजल की उपलब्धता, आवास सहित विभिन्न योजनाओं के लाभ के संबंध में चर्चा की और आवश्यक जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने कलेक्टर के समक्ष बरलगान पारा तक सड़क निर्माण की मांग रखी। कलेक्टर ने मांग को गंभीरता से सुनते हुए सड़क निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान वनमंडलाधिकारी , प्रशिक्षु अधिकारी गौतम पडिभार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, एसडीएम पेंड्रारोड  अमित बेक, सीएमएचओ शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।