शांति समिति और डीजे संचालकों की बैठक में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

चितरंजन प्रसाद रिपोर्टर कटघोरा कोरबा

(कोरबा-कटघोरा) आगामी कृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेशोत्सव को देखते हुए कटघोरा पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के नेतृत्व में पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है। वहीं थाना स्तर पर बैठकें आयोजित कर आयोजकों, शांति समिति के सदस्यों और डीजे संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।


इसी कड़ी में गुरुवार को कटघोरा थाना परिसर में शांति समिति एवं डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, आयोजन स्थलों पर भीड़ नियंत्रण, दही-हांडी कार्यक्रम, यातायात व्यवस्था तथा डीजे संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

नियमों के पालन और पुलिस से समन्वय की अपील

थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने आयोजकों एवं डीजे संचालकों से शासन के निर्धारित नियमों का पालन करने तथा पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द का संदेश देने वाले होने चाहिए। आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए आयोजकों को निर्धारित नियमों का पालन करना आवश्यक है।

असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर

थाना प्रभारी के पदभार संभालने के बाद कटघोरा क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ी है। पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग एवं संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने की तैयारी की है।


पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार की आड़ में हुड़दंग, अशांति या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।


त्योहारी सीजन में कटघोरा पुलिस की बढ़ी सक्रियता से क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की दिशा में पुलिस की तैयारियां स्पष्ट नजर आ रही हैं।