आशीष कुमार साहू रिपोर्टर मस्तूरी बिलासपुर

(बिलासपुर)एचडीएफसी बैंक परिवर्तन परियोजना एवं अंबुजा फाउंडेशन के तत्वावधान में संचालित कौशल विकास केन्द्र, कोनी (बिलासपुर) में विश्व युवा कौशल दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर रिटेल, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट एवं असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन ट्रेड के लगभग 120 प्रशिक्षणार्थियों एवं समस्त स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम की शुरुआत कौशल जागरूकता रैली से हुई। इसके पश्चात क्विज प्रतियोगिता, ट्रेड आधारित प्रशिक्षण मॉड्यूल डेमोंस्ट्रेशन तथा "कबाड़ से जुगाड़" गतिविधि का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशिक्षणार्थियों ने अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी सामग्री तैयार कर अपनी कौशल एवं रचनात्मकता का परिचय दिया। साथ ही प्रशिक्षणार्थियों ने "हुनर है तो कदर है" विषय पर आधारित प्रेरणादायक नाट्य प्रस्तुति देकर कौशल के महत्व का संदेश दिया।

विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर केन्द्र प्रभारी संजीव कुशवाहा ने युवाओं को कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कौशल ही आत्मनिर्भरता, रोजगार एवं उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों को अपने कौशल का निरंतर विकास करने एवं जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

एचडीएफसी बैंक परिवर्तन एवं अंबुजा फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं में कौशल विकास, नवाचार एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल रहा।