सेमरा प्राथमिक स्कूल में VSK ऐप से उपस्थिति व मध्यान्ह भोजन की जांच, दिए आवश्यक निर्देश

कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) गौरेला विकासखंड के नवपदस्थ विकासखंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को विकासखंड के विभिन्न स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनका दूसरा फील्ड दौरा था।

निरीक्षण की शुरुआत उन्होंने सेमरा स्थित प्राथमिक स्कूल से की। यहां उन्होंने बच्चों की शारीरिक उपस्थिति का मिलान VSK ऐप पर दर्ज उपस्थिति से किया। साथ ही शिक्षकों की उपस्थिति भी ऐप के माध्यम से चेक की गई। BEO ठाकुर ने पाठ्यपुस्तकों की बुक स्कैनिंग की स्थिति जानी और निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत बच्चों को समय पर किताबें उपलब्ध कराई जाएं।


मध्यान्ह भोजन योजना का जायजा लेते हुए उन्होंने रसोई कक्ष का निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता व मेन्यू के अनुसार परोसने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानाध्यापक से बच्चों के पोषण स्तर पर विशेष ध्यान देने को कहा।


इसके बाद BEO ठाकुर ने विकासखंड के अन्य स्कूलों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर शिक्षण कार्य का अवलोकन किया और शिक्षकों को निर्देश दिए कि वे पाठ्यक्रम समय पर पूर्ण करें व बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें।


नवपदस्थ BEO ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता और शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन उनकी प्राथमिकता है। निरीक्षण में पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश भी संबंधित प्रधानाध्यापकों को दिए गए।