भोलाशंकर रिपोर्टर कुसमुंडा कोरबा

(कोरबा) विजयनगर संकुल में संकुल स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला विजयनगर, प्राथमिक शाला बिंझरा, ढुरेना सहित अशासकीय विद्यालय डीएवी, बीकन, सरस्वती शिशु मंदिर, आदर्श विद्या पीठ आदि के प्राथमिक एवं माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। भारी बारिश के बावजूद विद्यार्थियों, पालकों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं का उत्साह देखने लायक रहा।

प्रतियोगिता में 50 प्रतिशत शासकीय और 50 प्रतिशत अशासकीय विद्यालयों के निर्णायकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक सर्वेश सोनी ने किया। चित्रकला के प्राथमिक वर्ग में कु. मिशीता (डीएवी) तथा माध्यमिक वर्ग में दिशा गुप्ता (सरस्वती शिशु मंदिर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में कु. काव्या (आदर्श विद्या पीठ) और माध्यमिक वर्ग में कु. अदिति (मिडिल स्कूल विजयनगर) प्रथम रहीं। सभी विजेता विद्यार्थी विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए हैं।

प्राथमिक एवं माध्यमिक वर्ग के चयनित विद्यार्थी 28 सितंबर को कटघोरा में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे। हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी वर्ग की संकुल स्तरीय प्रतियोगिता 29 सितंबर को होगी, जिसके विजेता 1 अक्टूबर को विकासखंड कटघोरा में भाग लेंगे।

संकुल प्राचार्य नीलू अवस्थी ने सभी प्रतिभागियों एवं विजेताओं को बधाई देते हुए शुभकामनाएं दीं। निर्णायक मंडल में नीलम, रितु, संध्या रानी ठाकुर एवं पुष्पलता महेश शामिल रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अशासकीय विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।