देवेन्द्र कुमार खूटे रिपोर्टर कोरबा

(कोरबा-बालकोनगर) बालको नगर के सेक्टर-3 स्थित गौरी शंकर गुरुकुल में नए भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन समारोह हर्षोल्लास और धार्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड क्रमांक 43 के पार्षद हित्तानंद अग्रवाल उपस्थित रहे। इस दौरान वार्डवासी, गुरुकुल से जुड़े सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। मुख्य पुरोहित पंडित अविनाश जोशी के मार्गदर्शन में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कराई गई। इसके पश्चात नए भवन की आधारशिला रखी गई तथा गुरुकुल, विद्यार्थियों और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं लोक कल्याण की कामना की गई।

इस अवसर पर पार्षद हित्तानंद अग्रवाल ने गुरुकुल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कारों का निर्माण बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद आवश्यक है। नए भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को अध्ययन, संस्कार और व्यक्तित्व विकास के लिए बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने वार्ड के विकास के साथ सामाजिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

समारोह के समापन पर उपस्थित नागरिकों ने गुरुकुल प्रबंधन को नए भवन निर्माण के लिए बधाई दी। साथ ही निर्माण कार्य निर्विघ्न एवं समय पर पूर्ण होने तथा गुरुकुल के निरंतर विकास की कामना की।