डीए एरियर्स, वेतन विसंगति, 4 स्तरीय समयमान वेतनमान सहित 11 सूत्रीय लंबित मांग शामिल हैं ज्ञापन में 

कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम 

(गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही)छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा के निर्देशानुसार गौरेला पेण्ड्रा मरवाही (जीपीएम) जिले में कर्मचारी एवं अधिकारी अपनी 11 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर 18 मार्च बुधवार को जिला मुख्यालय में मध्यान्ह पश्चात रैली निकालकर प्रदर्शन किया एवं मुख्यमंत्री तथा मुख्य सचिव के नाम का ज्ञापन कलेक्टर कार्यालय में डिप्टी कलेक्टर दिलेराम डाहिरे को सौंपा।

 

प्रदर्शन में फेडरेशन से जुड़े विभिन्न संगठनों के कर्मचारी-अधिकारी शामिल होकर अपनी एकता का परिचय देते हुए अपने अधिकारों की आवाज को बुलंद किया।


इस दौरान फेडरेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों के निराकरण के लिए यह प्रदर्शन आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में मोदी की गारंटी के अनुसार जुलाई 2016 से लंबित महंगाई भत्ता एरियर्स की राशि कर्मचारियों के जीपीएफ खाते में समायोजित करने, प्रदेश में चार स्तरीय पदोन्नत समयमान वेतनमान क्रमशः 8, 16, 24 एवं 32 वर्ष में प्रदान करने, तथा मध्यप्रदेश की भांति अर्जित अवकाश नगदीकरण 300 दिवस करने, लिपिकों, शिक्षकों, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न संवर्गों की वेतन विसंगतियों को दूर करने हेतु पिंगुआ कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक करने, शिक्षकों की प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना कर समस्त सेवा लाभ देने, तथा सहायक शिक्षकों एवं सहायक पशु चिकित्सा अधिकारियों को त्रिस्तरीय समयमान वेतनमान प्रदान करने की मांग शामिल है।


ज्ञापन में फेडरेशन ने अनुकंपा नियुक्ति को निःशर्त लागू करने, 10 प्रतिशत की वर्तमान सीमा समाप्त कर सीधी भर्ती के समस्त पदों पर अनुकंपा नियुक्ति देने, पंचायत सचिवों का शासकीयकरण करने, तथा नगरीय निकाय के कर्मचारियों को नियमित मासिक वेतन और समयबद्ध पदोन्नति देने की भी मांग की है। इसके अतिरिक्त विभागों में कर्मचारियों की कमी को देखते हुए सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने, कार्यभारित, दैनिक वेतनभोगी, अनियमित एवं संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण करने तथा आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली एवं सेवानिवृत्ति उपरांत संविदा नियुक्ति तत्काल बंद करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई है। साथ ही विभागों में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती की अनुमति देने की भी मांग की गई है।


छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रदर्शन में मुख्य रूप से जीपीएम जिला संयोजक डॉ. संजय शर्मा, महासचिव आकाश राय, सहायक शिक्षक फेडरेशन जिलाध्यक्ष दिनेश राठौर, मेडिकल कैशलेश प्रदेश संयोजक पीयूष गुप्ता, अजय चौधरी, वन कर्मचारी जिलाध्यक्ष राजकिशोर टंडन, लाल बहादुर कौशिक, कर्मचारी कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश रैदास, आरएचओ संघ जिलाध्यक्ष मुकेश निषाद, कन्हैया सोनवानी, संजय सोनी, तुलसीदास महिलांगे, किरण रघुवंशी, प्रियंका चतुर्वेदी, गनेशिया ओट्टी, परसराम चौधरी, यज्ञ नारायण शर्मा, बलराम तिवारी, छोटेलाल बनवासी, प्यारेलाल पुरी, महावीर कोर्राम, चेतन राठौर, विनय प्रताप सिंह, विजय साहू, धन्नूराम कश्यप इत्यादि सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे।