₹20,700 नकद, 9 मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त, कोनी पुलिस व ACCU की संयुक्त कार्यवाही

चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर)वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध जुआ और सट्टे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कोनी पुलिस एवं एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने ग्राम बिरकोना के टिकरीपारा स्थित हनुमान मंदिर के पास संचालित अवैध जुआ फड़ पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से ₹20,700 नकद, 52 पत्ती ताश, 9 मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की है।

पुलिस के अनुसार 20 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग "कट पत्ती" नामक जुआ खेल में हार-जीत पर रुपए का दांव लगा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना कोनी एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान सभी आरोपी जुआ खेलते हुए पकड़े गए। पुलिस ने जुआ फड़ से नकदी सहित अन्य सामग्री जब्त कर आरोपियों को हिरासत में लिया।

आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 389/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। साथ ही शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।