पुण्यतिथि पर सतनामी महिला विभूतियों का होगा सम्मान, पद्मश्री ऊषा बारले देंगी विशेष प्रस्तुति

चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर) गिरौदपुरी धाम। गुरु घासीदास बाबा की पावन तपोभूमि गिरौदपुरी धाम में 11 अगस्त को ममतामयी मिनीमाता की पुण्यतिथि पर भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। यह जानकारी राष्ट्रीय सचिव राजमंहल जे पी कोसल ने दी कार्यक्रम प्रभारी राजमहंत पी. घृतलहरे एवं राजमहंत कृष्णकुमार मिरी के मार्गदर्शन में आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अखिल भारतीय सतनामी महासभा द्वारा समाज की उल्लेखनीय सतनामी महिला विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं जगतगुरु गुरु गद्दी नशीन रुद्रकुमार जी सतनाम पंथ भारतवर्ष की गरिमामय उपस्थिति कार्यक्रम को विशेष आध्यात्मिक गरिमा प्रदान करेगी।

कई विधायक होंगे शामिल

मिनीमाता की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सारंगढ़ विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े, विधायक कविता प्राण लहरे (बिलाईगढ़), विधायक शेषराज हरवंश (पामगढ़) सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी, श्रद्धालु और बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

साहित्य और कृषि जगत की हस्तियां भी रहेंगी मौजूद

कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के डॉ. चंद्रशेखर खरे सहित प्रसिद्ध कवि मनमोहन दास नृसिंह के सुपुत्र कवि-कथाकार एवं लेखक खेमराज नृसिंह भी अपनी सहभागिता देंगे। इससे श्रद्धांजलि समारोह में सामाजिक चेतना के साथ साहित्यिक रंग भी देखने को मिलेगा।

पद्मश्री ऊषा बारले की विशेष प्रस्तुति बनेगी आकर्षण

ममतामयी मिनीमाता की श्रद्धांजलि सभा में पद्मश्री ऊषा बारले, प्रसिद्ध पंथी कलाकार एवं पंडवानी गायिका, की विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी। उनकी प्रस्तुति समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेगी।

ममतामयी मिनीमाता की पुण्यतिथि का यह आयोजन सामाजिक एकता, महिला सम्मान, सतनाम संस्कृति और समाज की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।