राकेश कुमार राठौर जिला ब्यूरो चीफ सक्ती

(सक्ती)गोवा राज्य में 23 से 28 सितंबर तक आयोजित राष्ट्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ की टीम ने तमिलनाडु को हराकर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि से सक्ती जिले सहित जनपद पंचायत डभरा क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देशभर के 20 से अधिक राज्यों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाली कबड्डी टीम में जनपद पंचायत डभरा क्षेत्र के चार खिलाड़ियों—शिवम कुमार, ऋषभ सिदार, झासकेतन मैत्री और गोलू बैरागी—ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने टीम के साथ शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के लिए स्वर्ण पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों का डभरा पहुंचने पर स्थानीय लोगों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से उनके परिवारों में भी उत्साह और खुशी का माहौल है। परिजनों, खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

खिलाड़ियों के कोच लोमस कुमार ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना का परिणाम है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने डभरा क्षेत्र के साथ-साथ सक्ती जिले और पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।