सदानंद कुमार प्रउहा सह-संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(राजनांदगांव)दिनांक 12 जुलाई 2009 को तत्कालीन जिला राजनांदगांव (वर्तमान जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी) के ग्राम कोरकोट्टी, थाना मानपुर में नक्सलियों से अदम्य साहस एवं वीरता के साथ मुकाबला करते हुए छत्तीसगढ़ की माटी की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले तत्कालीन पुलिस अधीक्षक स्वर्गीय विनोद कुमार चौबे सहित 29 वीर पुलिस जवानों की पुण्य स्मृति में आज 12 जुलाई 2026 को जिला पुलिस राजनांदगांव द्वारा पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में श्रद्धांजलि समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 09:00 बजे शहीद स्वर्गीय विनोद कुमार चौबे की प्रतिमा पर उनकी धर्मपत्नी एवं पुलिस अधीक्षक, जन प्रतिनिधियों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। तत्पश्चात रक्षित केन्द्र राजनांदगांव स्थित शहीद स्मारक एवं मंगल भवन में सभी वीर शहीदों के छायाचित्रों पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा गया तथा उनके अद्वितीय साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

श्रद्धांजलि समारोह में उपस्थित सांसद राजनांदगांव संतोष पांडे, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मधुसूदन यादव, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल नीलू शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, किरण वैष्णव, किरण साहू, पूर्णिमा साहू, सचिन बघेल एवं कुलबीर छाबड़ा नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

शहीदों की पावन स्मृति में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान 21 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा के माध्यम से वीर शहीदों को अनूठी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने शहीद परिवारों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उन्हें विश्वास दिलाया कि शहीदों के परिवारों का सम्मान, सुरक्षा एवं कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि परिवारों से जुड़े आवश्यक कार्यों के निराकरण हेतु हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा तथा वे सदैव उनके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वीर शहीदों का त्याग और बलिदान राष्ट्र के लिए अमूल्य है तथा उनका ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता।


कार्यक्रम में कलेक्टर जितेन्द्र यादव, CEO जिला पंचायत दुर्ग प्रशाद अधिकारी, डीएफओ आयुष जैन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर,पीटीएस राजनांदगांव से डीएसपी किरण चौधरी, रक्षित निरीक्षक लोकेश कुमार कसेर, जिले के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, शहीद परिवारों के सदस्य, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों ने वीर शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा, राष्ट्रभक्ति एवं सर्वोच्च बलिदान को सदैव स्मरण रखते हुए राष्ट्र एवं समाज की सेवा के लिए निरंतर समर्पित रहने का संकल्प लिया ।