भोलाशंकर रिपोर्टर कुसमुंडा कोरबा

(कोरबा/गेवरा बस्ती) कुसमुंडा क्षेत्र के गेवरा बस्ती स्थित ज्ञान भारती विद्यालय में बाल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक सजावटी सामग्री से सजाया गया। बच्चों की मुस्कान और उत्साह से विद्यालय का माहौल खुशनुमा हो गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर एवं व्यवस्थापक मनोज कुमार श्रीवास्तव ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद बच्चों के लिए विभिन्न रंगारंग एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। निबंध लेखन, गुब्बारा फोड़, कविता पाठ, चित्रकला और पेंटिंग जैसी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

बाल दिवस के अवसर पर बच्चों ने चाचा नेहरू का रूप धारण कर उनके प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित किए। छोटे बच्चों ने मनमोहक कविताओं की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। शिक्षिकाओं ने भी बच्चों के साथ विभिन्न मनोरंजक खेलों में भाग लेकर इस दिन को यादगार बनाया।

विद्यालय की हेड मास्टर निर्मला जायसवाल ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं डायरेक्टर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बच्चों को संबोधित करते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू के आदर्शों पर चलने, शिक्षा के महत्व को समझने और कड़ी मेहनत से देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर बेहुला, पूर्णिमा अघरिया, कृष्ण प्रसाद, नेहा, निर्मलजीत, साक्षी, प्राची, श्वेता, पूर्णिमा, रेणुका, प्रियंका, रंजीता, मुस्कान सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।