नागपुर से एक आरोपी और गौरीनगर से दो महिला आरोपी गिरफ्तार, प्रकरण में अब तक 14 आरोपियों की गिरफ्तारी

दिब्येन्दु मृधा सह-संपादक छत्तीसगढ़ इफेक्टिव इंडिया 

(राजनांदगांव)गौरीनगर में गोहत्या कर अवशेष शीतला तालाब और निर्माणाधीन अंडरब्रिज में फेंकने के मामले में चिखली चौकी पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य फरार आरोपी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में अब तक कुल 14 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।


पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 299, 325, 238, 3(5), पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 4, 6, 10 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश की जा रही थी।


इस मामले में 17 अक्टूबर को 10 आरोपियों और एक अपचारी बालिका को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद फरार आरोपियों की पतासाजी के लिए चिखली पुलिस और साइबर सेल की टीम जुटी हुई थी।


पुलिस ने 18 अक्टूबर को एजाज अहमद उर्फ कसाई उर्फ वकील अंसारी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया। वहीं, खैरून निशा (60) और नसीमा बेगम उर्फ रानी (57) को गौरीनगर से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तीनों ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों के साथ मिलकर अपराध में शामिल होना स्वीकार किया।


संयुक्त टीम की रही भूमिका

कार्रवाई में चिखली चौकी सहित कोतवाली, सोमनी, बसंतपुर पुलिस और साइबर सेल राजनांदगांव की टीम का योगदान रहा। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।