देवेन्द्र कुमार खूंटे रिपोर्टर कोरबा

(कोरबा) जिले के जन सुविधा केन्द्र (CSC) एवं डिजिटल सेवा प्रदाता संचालकों को एक संगठित मंच प्रदान करने के उद्देश्य से "कोरबा जन सुविधा केन्द्र संचालक वेलफेयर सोसायटी" का गठन किया गया है। सोसायटी का पंजीयन छत्तीसगढ़ सोसायटी पंजीयन अधिनियम, 1973 के अंतर्गत कराया गया है। संगठन का उद्देश्य संचालकों के हितों की रक्षा करने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने में सहयोग करना है।

सोसायटी के अध्यक्ष योगेश देवांगन ने बताया कि जन सुविधा केन्द्र संचालक शासन की विभिन्न ऑनलाइन एवं डिजिटल सेवाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में संचालकों के बीच समन्वय, प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग तथा उनके वैधानिक और व्यावसायिक हितों के संरक्षण के लिए लंबे समय से एक संगठन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी उद्देश्य से इस सोसायटी का गठन किया गया है।

उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न जन सुविधा केन्द्र संचालकों की सहमति से अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, महासचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्यों का चयन कर संगठन की कार्यकारिणी बनाई गई है। संस्था शासन एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर जन सुविधा केन्द्रों के माध्यम से नागरिकों को पारदर्शी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने में सहयोग करेगी। साथ ही समय-समय पर प्रशिक्षण, डिजिटल साक्षरता अभियान, जागरूकता कार्यक्रम एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।

सोसायटी के पंजीयन की जानकारी जिला ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय को दी गई है, जहां संगठन के गठन का स्वागत करते हुए सहयोग का आश्वासन मिला। इसके अलावा CSC राज्य कार्यालय रायपुर को भी संगठन के गठन एवं उद्देश्यों की जानकारी भेजी जा रही है, ताकि राज्य स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।

सोसायटी ने जिले के सभी पात्र CSC एवं जन सुविधा केन्द्र संचालकों से सदस्यता ग्रहण कर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की है, जिससे संचालकों की समस्याओं एवं सुझावों को प्रभावी ढंग से संबंधित विभागों तक पहुंचाया जा सके।