अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा-दीपका) नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक 01 में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रतिष्ठित ठाकुर देव स्थल पर बोर खनन कार्य का शुभारंभ किया गया। वार्ड पार्षद कमलेश जायसवाल ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर इस जनहितकारी कार्य की शुरुआत की। क्षेत्रवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में अहम कदम बताया।

जानकारी के अनुसार ठाकुर देव स्थल एवं उसके आसपास रहने वाले लोगों को गर्मी सहित अन्य मौसमों में पानी की कमी का सामना करना पड़ता था। बोर खनन पूर्ण होने के बाद स्थानीय नागरिकों को पेयजल एवं दैनिक उपयोग के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा। इससे क्षेत्र के दर्जनों परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों की एकजुटता भी देखने को मिली। विकास कार्य में सहयोग और समर्थन देने के लिए वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद आकाश साहू, वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद अविनाश यादव, हनुमान सिंह कंवर, कीर्ति सिंह कंवर, शिव जायसवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने बोर खनन कार्य के सफल एवं शीघ्र पूर्ण होने की कामना की।

पार्षद कमलेश जायसवाल ने कहा कि जल प्रत्येक नागरिक की मूलभूत आवश्यकता है और लोगों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि बोर खनन पूरा होने के बाद ठाकुर देव स्थल के आसपास रहने वाले परिवारों को वर्षों से चली आ रही पानी की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।

स्थानीय नागरिकों ने पार्षद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बोरिंग शुरू होने से क्षेत्र में जल संकट कम होगा और दैनिक निस्तारी सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह जनहित के विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे।