प्रधान पाठक सर्वेश सोनी व शिक्षकों ने बढ़ाया हौसला, कक्षा छठवीं में कराया प्रवेश

भोलाशंकर रिपोर्टर कुसमुंडा कोरबा
(कोरबा) शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला विजयनगर में पारिवारिक परेशानियों से जूझ रही छात्रा कुमारी रश्मि केंवट को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल की गई। छात्रा की परिस्थितियों को देखते हुए विद्यालय प्रबंधन ने उसका उत्साहवर्धन करते हुए कक्षा छठवीं में प्रवेश दिलाया।
प्रवेश के दौरान छात्रा को आवश्यक स्टेशनरी, अभ्यास कॉपियां, नि:शुल्क गणवेश तथा नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तकों का सेट प्रदान किया गया। विद्यालय के प्रधान पाठक ने छात्रा रश्मि, उसकी नानी एवं भाई को आश्वस्त किया कि उसके अध्ययन-अध्यापन के साथ-साथ सामान्य शैक्षिक आवश्यकताओं और अन्य जरूरी खर्चों में भी विद्यालय परिवार हर संभव सहयोग करेगा।
प्रधान पाठक ने छात्रा को नियमित रूप से विद्यालय आने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पारिवारिक परिस्थितियां किसी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बननी चाहिए। विद्यालय परिवार का प्रयास रहेगा कि रश्मि को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिले और वह आत्मविश्वास के साथ अपनी पढ़ाई जारी रख सके।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाओं ने भी छात्रा का मनोबल बढ़ाया। विशेष रूप से शिक्षिका वीणा पाण्डेय एवं संध्या रानी ठाकुर ने रश्मि को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। विद्यालय स्टाफ ने छात्रा को शिक्षा से जोड़ने के साथ उसके सर्वांगीण विकास में सहयोग करने का संकल्प लिया। इस पहल से छात्रा और उसके परिजनों में नई उम्मीद जगी है।