देवेन्द्र कुमार खूंटे रिपोर्टर रामपुर कोरबा

(कोरबा)भारतीय संविधान के महत्व, नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर बीकन स्कूल, ग्राम ओमपुर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा के अध्यक्ष एवं सचिव के निर्देशानुसार तथा तालुका विधिक सेवा समिति करतला के अध्यक्ष के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 342 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन एवं संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ के साथ किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को संविधान दिवस के ऐतिहासिक महत्व और भारतीय लोकतंत्र में संविधान की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

शिविर में संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य तथा धर्मनिरपेक्षता के सिद्धांतों को सरल भाषा में समझाया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार प्रदान करता है। साथ ही नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जिम्मेदार रहने की प्रेरणा दी गई।

कार्यक्रम में 'जन्म से मृत्यु तक संविधान हमारे साथ है' विषय पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। बताया गया कि जन्म के साथ नागरिक की पहचान और अधिकारों से लेकर निःशुल्क शिक्षा, रोजगार की स्वतंत्रता तथा सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अवसरों तक संविधान प्रत्येक नागरिक के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।


इस अवसर पर पुलिस प्रशासन की ओर से एएसआई कृष्णा कुमार देवांगन उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य, समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता रही। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक, जिम्मेदार और अपने अधिकारों के प्रति सजग नागरिक बनने का संदेश दिया गया।