नशे में वाहन चलाने का आरोप, बजरंग दल और गौसेवकों ने जताया आक्रोश; सख्त कार्रवाई की मांग

अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा)शहर में सड़क पर बैठे गौवंश को तेज रफ्तार वाहन द्वारा टक्कर मारने का दर्दनाक मामला सामने आया है। हादसे में एक गौवंश की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों और गौसेवकों में नाराजगी देखी गई। सूचना पर पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति को संभाला।

जानकारी के अनुसार, वाहन क्रमांक CG 12 AT 3731 (टाटा टियागो) सड़क पर बैठे गौवंश से टकरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन तेज रफ्तार में था। चालक के नशे में होने का आरोप भी लगाया गया है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक गौवंश की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया।

डायल 112 ने संभाली स्थिति

हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर वाहन और घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। मामले में चालक की स्थिति और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

गौसेवकों ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के सदस्य और गौसेवक मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृत गौवंश को सड़क से हटाया तथा घायल गौवंश को उपचार के लिए भेजा। घायल पशु का इलाज गौसेवकों की देखरेख में कराया जा रहा है।

नशे में ड्राइविंग पर कार्रवाई की मांग

बजरंग दल कोरबा ने घटना पर आक्रोश जताते हुए चालक का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट और मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की है। संगठन ने कहा कि यदि जांच में नशे की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही तेज एवं खतरनाक वाहन चलाने के मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले दर्री क्षेत्र में भी भारी वाहन की चपेट में आने से कई गौवंश की मौत हुई थी। लगातार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय लोगों और गौसेवकों ने सड़क सुरक्षा तथा गौवंश की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।