सदानंद कुमार प्रउहा सह-संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा)पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के अंतर्गत कोरबी से सरमा तक लगभग 3 किलोमीटर लंबे जर्जर सड़क मार्ग की मरम्मत की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोड़ी-उपरोड़ा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि इस मार्ग पर कोयला परिवहन करने वाले भारी ट्रकों और सैडिंग तक लगातार होने वाली आवाजाही के कारण सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी है तथा बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। कई स्थानों पर पुलिया भी क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिससे आवागमन जोखिमभरा हो गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि खराब सड़क के कारण मरीजों को अस्पताल ले जाने वाली एंबुलेंस को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यात्रियों से भरी बसों के पलटने का खतरा बना रहता है, जबकि दोपहिया वाहन चालक कई बार दुर्घटनाग्रस्त होकर घायल हो चुके हैं। कोरबी स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को भी प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि आगामी 15 दिनों के भीतर सड़क मरम्मत का कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

इस दौरान पूर्व जनपद सदस्य डी.के. उदय, अश्वनी जायसवाल, अतुल जायसवाल, श्रीकांत जायसवाल, राजेश साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि जनहित और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोरबी–सरमा मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराकर आमजन को राहत प्रदान की जाए।