चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर) मस्तूरी थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में पिछले एक वर्ष से अधिक समय से फरार चल रहे आरोपी सुमेन्द्र कुमार खाण्डे (43) को मस्तूरी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं सहित आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज है। इस मामले में एक अन्य आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

पुलिस के अनुसार, घटना 22 मई 2025 की है। ग्राम गतौरा में किराना दुकान पर सामान के पैसे को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद सुमेन्द्र खाण्डे अपने भाई शिव खाण्डे के साथ दुकान पहुंचा और शशिकांत को जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान शिव खाण्डे ने लोहे की पट्टीनुमा रॉड से शशिकांत के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के साथ भी मारपीट किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। प्रार्थी संतोष कांत की रिपोर्ट पर मस्तूरी पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।

विवेचना के दौरान पुलिस ने शिव खाण्डे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था तथा घटना में प्रयुक्त लोहे की पट्टीनुमा रॉड भी जब्त की थी। वहीं, दूसरा आरोपी सुमेन्द्र कुमार खाण्डे घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके निवास पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में घटना में संलिप्तता स्वीकार करने के बाद पुलिस ने 17 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। मस्तूरी पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार आरोपी की गिरफ्तारी हुई है।