विजयादशमी पर जिलेवासियों को दी शुभकामनाएं, शांति, सुरक्षा एवं सौहार्द बनाए रखने का संदेश

कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम 

(गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही) विजयादशमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शस्त्र पूजन किया। इस अवसर पर शस्त्रों की पूजा-अर्चना कर कर्तव्यनिष्ठा, साहस, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।

विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य तथा अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। पुलिस विभाग में शस्त्र पूजन की परंपरा राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता, कर्तव्यपालन और अन्याय के विरुद्ध दृढ़ता का प्रतीक मानी जाती है। यह अवसर पुलिस बल को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ करने की प्रेरणा भी देता है।

इस पावन पर्व पर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने जिले के समस्त नागरिकों को विजयादशमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए पर्व को आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संदेश दिया।


कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पारंपरिक शस्त्र पूजन में सहभागिता करते हुए कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।


गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही पुलिस जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस ने नागरिकों से दशहरा त्योहार के दौरान आपसी सद्भाव बनाए रखने तथा शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने की अपील की।


गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही पुलिस की ओर से समस्त जिलेवासियों को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं।