अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज

(कोरबा) कोरबी चौकी क्षेत्र के ग्राम पनगांव में पारिवारिक विवाद के दौरान भतीजे ने अपने ही चाचा पर फरसी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से चाचा की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पनगांव निवासी गुलाब सिंह का किसी बात को लेकर अपनी मां से विवाद हो रहा था। इसी दौरान उसका भतीजा दुर्गेश वहां पहुंच गया। दादी और चाचा के बीच हो रही बहस सुनकर दुर्गेश आक्रोशित हो गया। देखते ही देखते पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

बताया जा रहा है कि गुस्से में दुर्गेश ने अपने चाचा गुलाब सिंह पर फरसी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने के बाद गुलाब सिंह की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कोरबी चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया।

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं वारदात में इस्तेमाल फरसी बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने आरोपी दुर्गेश के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद सामने आया है। हालांकि घटना की वास्तविक वजह और पूरा घटनाक्रम जांच के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।