आशीष कुमार साहू रिपोर्टर मस्तूरी बिलासपुर

(बिलासपुर-पचपेड़ी) संत गुरु घासीदास कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, पचपेड़ी द्वारा 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं करियर निर्माण के उद्देश्य से “करियर मार्गदर्शन कार्यशाला” का आयोजन 14 जून 2026, रविवार को प्रातः 11:00 बजे महाविद्यालय परिसर में किया जा रहा है।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी रुचि, योग्यता एवं भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप सही विषय एवं करियर का चयन करने हेतु मार्गदर्शन प्रदान करना है। कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा उच्च शिक्षा के विभिन्न अवसरों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों के अधिकारी, कर्मचारी एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहेंगे, जो अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को करियर संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव देंगे। कार्यशाला में कला, विज्ञान, वाणिज्य, बीबीए, बीसीए सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी, रोजगार के अवसर, यूपीएससी, पीएससी, एसएससी, बैंकिंग, रेलवे, पुलिस, शिक्षक भर्ती एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रविन्द्र जायसी ने क्षेत्र के सभी 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से इस कार्यशाला में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सही समय पर लिया गया सही निर्णय विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा प्रदान कर सकता है।

यह कार्यशाला पचपेड़ी क्षेत्र में पहली बार आयोजित की जा रही है, जिससे विद्यार्थियों को अपने करियर के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी एवं विशेषज्ञों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।