वेदपरसदा में सेवा सेतु शिविर से ग्रामीणों को मिली राहत, एक ही जगह मिला योजनाओं का लाभ

चंद्र कुमार निणे॔जक जिला ब्यूरो चीफ बिलासपुर

(बिलासपुर) , मस्तूरी विकासखंड के ग्राम वेदपरसदा स्थित मुख्यमंत्री डीएव्ही स्कूल में आयोजित सेवा सेतु शिविर ग्रामीणों के लिए सुविधाओं और सौगातों का केंद्र बना। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी शामिल हुए। शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया। स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेख, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास पूर्णता प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, श्रम पंजीयन कार्ड और पेंशन स्वीकृति सहित विभिन्न योजनाओं से ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी ली और अपनी जरूरतों से संबंधित सेवाओं का लाभ उठाया।

 पूर्व विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने कहा कि सेवा सेतु शिविर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को छोटी-छोटी जरूरतों और शासकीय सेवाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रता के अनुसार अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

अधिकार अभिलेख से लेकर आवास और पेंशन तक, हितग्राहियों को मिली सौगात -

शिविर में स्वामित्व योजना के अंतर्गत 50 से अधिक हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 23 हितग्राहियों को आवास पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं 23 पात्र हितग्राहियों को नवीन पेंशन की स्वीकृति दी गई। श्रम विभाग द्वारा श्रम पंजीयन कार्ड तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। 

किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, आजीविका के लिए ऋण सहायता -

शिविर में किसानों और ग्रामीण आजीविका से जुड़ी योजनाओं का भी लाभ दिया गया। कृषि विभाग द्वारा किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किए गए, जिससे उन्हें अपनी भूमि की उर्वरता और पोषक तत्वों की स्थिति के अनुरूप खेती करने में मदद मिलेगी। उद्यान विभाग ने 10 किसानों को पौधों का वितरण किया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को आजीविका गतिविधियों के विस्तार के लिए ऋण वितरित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया।

 शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। एक ही परिसर में अनेक विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को सहूलियत मिली। शिविर के माध्यम से शासन की योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने के साथ ही ग्रामीणों को उनके अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक किया गया।

 इस अवसर पर विवेक त्रिपाठी, रंजीत सिंह ठाकुर, संतोष मिश्रा, अजय सिंह ठाकुर, जनपद सदस्य देवेंद्र कृष्णन, मस्तूरी एसडीएम बजरंग वर्मा, जनपद सीईओ जे.आर. भगत, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।