भोलाशंकर रिपोर्टर कुसमुंडा कोरबा

(कोरबा) एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रेलर की चपेट में आने से खदान में कार्यरत सुपरवाइजर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बहरता दास (पिता– सुनोउदास), निवासी ग्राम जपेली के रूप में हुई है। हादसा खदान क्षेत्र के कांटा घर (वेट ब्रिज) के पास हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, बहरता दास कुसमुंडा खदान में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। ड्यूटी के दौरान कांटा घर के समीप एक तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन, ग्रामीण और सहकर्मी बड़ी संख्या में घटनास्थल तथा एसईसीएल कार्यालय पहुंच गए।

मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को रोजगार तथा अन्य मांगों को लेकर एसईसीएल कुसमुंडा के जीएम कार्यालय में तालाबंदी कर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर प्रबंधन लिखित आश्वासन नहीं देगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

फिलहाल जीएम कार्यालय के बाहर ग्रामीणों का धरना जारी है तथा क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।