दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा-बालको)लगातार हो रही बारिश के कारण बालको नगर के सेक्टर-6 स्थित एक मकान में लगभग चार फीट लंबा विषैला कोबरा निकल आने से परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। सांप को देखकर घर के सदस्यों ने घबराने के बजाय तुरंत बालको के अनुभवी स्नेक रेस्क्यूर टीनू आनंद को सूचना दी। सूचना मिलते ही टीनू आनंद मौके पर पहुंचे और पूरी सावधानी तथा विशेषज्ञता के साथ कोबरा का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। इसके बाद सांप को सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

टीनू आनंद पिछले करीब 20 वर्षों से बालको क्षेत्र में निःशुल्क सर्प रेस्क्यू सेवा प्रदान कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने हजारों विषैले और गैर-विषैले सांपों को सुरक्षित पकड़कर जंगलों में छोड़ा है। उनकी त्वरित और निस्वार्थ सेवा के कारण क्षेत्र के लोग उन पर भरोसा करते हैं। उन्होंने बताया कि वे 24 घंटे रेस्क्यू के लिए उपलब्ध रहते हैं और सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचने का प्रयास करते हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के मौसम में सांपों का निकलना सामान्य बात है, इसलिए किसी भी स्थिति में घबराएं नहीं। यदि घर या आसपास सांप दिखाई दे तो उसे मारने या स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें, क्योंकि इससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। तुरंत प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यूर को सूचना दें ताकि सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।

साथ ही उन्होंने सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय बिना देरी किए सीधे जिला अस्पताल पहुंचने की सलाह दी। उनका कहना है कि समय पर उचित चिकित्सा ही सर्पदंश से पीड़ित व्यक्ति की जान बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है।