आशीष कुमार साहू रिपोर्टर मस्तूरी बिलासपुर

(बिलासपुर-मस्तूरी)छत्तीसगढ़ राज्य मुक्त विद्यालय की हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी की वार्षिक परीक्षाएं आज से प्रदेशभर में प्रारंभ हो गईं। इस वर्ष प्रदेश के लगभग 3.5 लाख से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं नकल-विहीन बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

परीक्षाएं प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से कम से कम 15 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र में उपस्थित होने तथा प्रवेश पत्र एवं वैध पहचान पत्र साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।

बिलासपुर जिले में कुल 45 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। मस्तूरी विकासखंड में शासकीय बालक हाई स्कूल मस्तूरी तथा स्वामी आत्मानंद शासकीय कन्या विद्यालय मस्तूरी को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। प्रथम दिवस हाईस्कूल का गणित विषय का प्रश्नपत्र आयोजित किया गया।

परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर उड़नदस्ता एवं सचल दल तैनात किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया गया है। बोर्ड द्वारा स्पष्ट किया गया है कि नकल करते पाए जाने पर संबंधित परीक्षार्थी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे तीन वर्ष तक परीक्षा से वंचित किया जा सकता है।

छत्तीसगढ़ राज्य मुक्त विद्यालय के अनुसार यह परीक्षा उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, जो किसी कारणवश नियमित शिक्षा पूरी नहीं कर सके। प्रश्नपत्र पाठ्यक्रम आधारित एवं विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं।

शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग करें तथा परीक्षा अवधि के दौरान अनुशासन एवं सकारात्मक वातावरण बनाए रखने में सहभागिता निभाएं