धनेश देवांगन बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ

(कोरबा) जिले में खनिजों के अवैध दोहन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष सघन जांच अभियान के तहत खनिज उड़नदस्ता दलों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध खनिज ढोते कुल 10 वाहनों को रंगे हाथ पकड़ा। इसके साथ ही कोटमर्रा क्षेत्र में मिले अवैध रेत भंडारण को भी जब्त कर सील किया गया है।


पाली, हरदीबाजार, दीपका और उरगा में धरपकड़ खनिज विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उड़नदस्ते ने पाली क्षेत्र में रेत और ईंट का अवैध परिवहन करते 4 ट्रैक्टरों को जब्त किया। वहीं हरदीबाजार क्षेत्र में 3 ट्रैक्टर (रेत व ईंट) और 1 हाइवा (गिट्टी) पकड़े गए। इसके अलावा दीपका में गिट्टी लोड 1 ट्रेलर तथा उरगा क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते 1 ट्रैक्टर को पकड़ा गया।


कार्रवाई के बाद जब्त किए गए सभी 10 वाहनों को सुरक्षा के मद्देनजर पाली, हरदीबाजार, दीपका थाना परिसरों तथा हरदीबाजार खनिज जांच चौकी की सुपुर्दगी में खड़ा कराया गया है। संबंधित वाहन स्वामियों व चालकों के विरुद्ध वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


राजस्व क्षति रोकने लगातार चलेगा अभियान विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक संपदा की सुरक्षा करना और शासकीय राजस्व की चोरी पर पूरी तरह रोक लगाना है। अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों के कड़े प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि जिले में यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।