अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज

(कोरबा)कोरबा जिले की कुसमुंडा ओपन कास्ट खदान में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि खदान परिसर में प्रवेश पर प्रतिबंध और सुरक्षा नियमों के बावजूद कुछ कोयला दलाल कथित रूप से बिना BTC और बिना सेफ्टी शूज के खदान के अंदर पहुंच रहे हैं और चलती कोयला गाड़ियों के सामने तक खड़े हो जाते हैं।


खदान जैसे संवेदनशील क्षेत्र में भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के बीच इस तरह लोगों का पहुंचना किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि बाहरी व्यक्तियों का खदान के अंदर प्रवेश प्रतिबंधित है, तो वे आखिर किसकी अनुमति अथवा संरक्षण में अंदर पहुंच रहे हैं?


स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि संबंधित SECL अधिकारियों और प्रबंधन की जानकारी के बावजूद ऐसी गतिविधियां जारी हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।


सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि खदान के अंदर किसी बाहरी व्यक्ति के साथ दुर्घटना हो जाती है, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी?


खदान प्रबंधन से मांग है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर अनधिकृत प्रवेश पर तत्काल रोक, सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन तथा जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही खदान परिसर में लगे CCTV कैमरों और प्रवेश रजिस्टर की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।