देवेन्द्र कुमार खूंटे रिपोर्टर कोरबा

(कोरबा) ग्राम पंचायत सतरंगा के आश्रित ग्राम खोखराआमा में बुनियादी सुविधाओं की कमी से परेशान पहाड़ी कोरवा परिवार महिला, पुरुष और बच्चों सहित कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने जनदर्शन में ज्ञापन सौंपकर बिजली, पेयजल, पक्की सड़क और जनमन आवास उपलब्ध कराने की मांग की।


ग्रामीणों ने बताया कि खोखराआमा पहाड़ी एवं दुर्गम क्षेत्र में बसा गांव है, जहां लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। जनमन आवास योजना के तहत 20 परिवारों के आवास निर्माण के लिए सर्वे कराया गया था, लेकिन अब तक आवास स्वीकृत नहीं होने से परिवारों को परेशानी हो रही है।


दूरस्थ वनांचल क्षेत्र होने के कारण गांव में पूर्ण विद्युतीकरण नहीं हो सका है। शाम होते ही गांव में अंधेरा छा जाता है और ग्रामीणों को जंगली जानवरों का भय बना रहता है। इस समस्या से राहत के लिए ग्रामीणों ने सोलर लाइट लगाने की मांग की है।

मुख्य मार्ग से गांव तक पक्की सड़क नहीं

ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य मार्ग से गांव तक पक्की सड़क नहीं होने के कारण ऊबड़-खाबड़ और दुर्गम रास्तों से आवागमन करना पड़ता है। सड़क के अभाव में अधिकारियों को भी गांव पहुंचने में कठिनाई होती है, जिससे समस्याओं का जायजा लेने और समाधान की प्रक्रिया प्रभावित होती है।


ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द समस्याओं का निराकरण कर गांव में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।