भोलाशंकर रिपोर्टर कुसमुंडा कोरबा

(कोरबा) गेवरा प्रोजेक्ट में पीएनसी कंपनी में ड्राइवर की नौकरी दिलाने के नाम पर दो ग्रामीणों से कुल 1.05 लाख रुपए लेने का मामला सामने आया है। ग्राम ढोलपुर निवासी नरोत्तम दास और प्रदीप महंत ने ग्राम नरईबोध निवासी रमेश दास पर नौकरी का झांसा देकर रकम लेने का आरोप लगाया है। मामले में कुसमुंडा और हरदीबाजार थाने में शिकायत के आधार पर एनसीआर दर्ज की गई है।

नरोत्तम दास के अनुसार, रमेश दास ने नौकरी लगवाने के बदले 45 हजार रुपए लिए थे। उसने 2 फरवरी 2026 को PhonePe के माध्यम से पूरी राशि दी। 15 दिन में नौकरी लगवाने अथवा रकम लौटाने का आश्वासन दिया गया था। नौकरी नहीं लगने पर दबाव बनाने के बाद 23 मई को 10 हजार रुपए लौटाए गए, जबकि 35 हजार रुपए अब भी बकाया हैं।

वहीं प्रदीप महंत ने आरोप लगाया कि ड्राइवर की नौकरी के नाम पर उससे 60 हजार रुपए नकद लिए गए। काम नहीं बनने पर 20 हजार रुपए नकद और 28 मई को PhonePe से 20 हजार रुपए लौटाए गए। शेष 20 हजार रुपए बकाया हैं। प्रदीप का कहना है कि उसने खेत गिरवी रखकर रकम जुटाई थी।

दोनों मामलों में कुल 1.05 लाख रुपए लिए जाने और 50 हजार रुपए वापस किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 174 के तहत एनसीआर दर्ज कर मामले को रुपयों के लेन-देन से जुड़ा बताते हुए पीड़ितों को सक्षम न्यायालय की शरण लेने की सलाह दी है।

पुलिस ने लोगों से नौकरी के नाम पर बिचौलियों को पैसे नहीं देने तथा कंपनी के अधिकृत एचआर विभाग से सत्यापन करने की अपील की है।।