* थाना के दैनिक कार्यों, लंबित प्रकरणों एवं पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा।

* थाना स्टाफ के टर्नआउट, अनुशासन एवं कार्यप्रणाली का किया गया निरीक्षण।

* लंबित मामलों के त्वरित निराकरण एवं बेहतर पुलिसिंग के लिए दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश।

* उत्कृष्ट टर्नआउट एवं अनुशासित कार्यप्रणाली के लिए थाना स्टाफ को किया गया पुरस्कृत।

* पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की मूलभूत समस्याओं के निराकरण हेतु दिए गए निर्देश।

दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(राजनांदगांव) पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा द्वारा आज पुलिस थाना घुमका का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य थाना की कार्यप्रणाली, पुलिसिंग व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए पुलिस कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाना रहा।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा सर्वप्रथम थाना में उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों का टर्नआउट चेक किया गया तथा थाना क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, अपराधों की प्रकृति, कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।

थाना के दैनिक कार्यों एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा

पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना के दैनिक कार्यों, अपराधों की विवेचना एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान अपराधों के निराकरण, लंबित शिकायतों, विवेचनाधीन मामलों एवं माननीय न्यायालय से संबंधित कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया।

थाना के रोज़नामचा, विभिन्न रजिस्टरों एवं अभिलेखों के संधारण, CCTNS कार्यप्रणाली, ऑनलाइन अभिलेखों के अद्यतन एवं वरिष्ठ कार्यालय से प्राप्त निर्देशों के पालन की भी जांच की गई। लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने तथा विवेचना की गुणवत्ता बनाए रखने हेतु संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिसिंग एवं संसाधनों का निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान थाना के रिकॉर्ड रूम, मालखाना, वायरलेस व्यवस्था, संचार प्रणाली एवं बलवा ड्रिल सामग्री का अवलोकन किया गया। उपलब्ध संसाधनों के उचित रखरखाव, अभिलेखों के नियमानुसार संधारण तथा पुलिस कार्यों में तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण एवं आम नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता बनाए रखते हुए आमजन के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार करने की अपेक्षा व्यक्त की।

अनुशासन एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए थाना स्टाफ पुरस्कृत

पुलिस थाना घुमका के अधिकारी-कर्मचारियों का टर्नआउट, वर्दी एवं अनुशासन संतोषजनक पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा थाना स्टाफ की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारी-कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा इसी प्रकार बेहतर कार्यप्रणाली बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

मूलभूत समस्याओं के निराकरण हेतु दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान थाना स्टाफ की मूलभूत समस्याओं एवं आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण एवं आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया, ताकि पुलिसकर्मी बेहतर कार्य-परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।

पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को वरिष्ठ कार्यालय से प्राप्त निर्देशों का समयबद्ध पालन करने, निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक जानकारी प्रेषित करने तथा थाना की दैनिक कार्यप्रणाली को और अधिक सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आम नागरिकों की सुरक्षा, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं जनता के बीच विश्वास बनाए रखना है। इसके लिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को अनुशासन, संवेदनशीलता एवं पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करना चाहिए।

वार्षिक निरीक्षण के दौरान थाना की समस्त व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा बेहतर पुलिसिंग, प्रभावी अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर थाना प्रभारी घुमका अब्दुल समीर एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहे।