उल्लास साक्षरता परीक्षा की तैयारियों को लेकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने ली संकुल समन्वयकों की बैठक,दिए आवश्यक निर्देश 

कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम 

(गौरेला-पेंड्रा-मरवाही)विकासखंड शिक्षा अधिकारी मरवाही ने उल्लास साक्षरता परीक्षा की तैयारियों को लेकर संकुल समन्वयकों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बी.ई.ओ. संजय वर्मा ने कहा कि आगामी 27 सितंबर, रविवार को आयोजित होने वाली परीक्षा का संचालन सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित किया जाए। 


उन्होंने सभी संकुल समन्वयकों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। विकासखंड में कुल 119 परीक्षा केंद्रों पर उल्लास साक्षरता परीक्षा का आयोजन किया जाना है।

बैठक में परीक्षा को लेकर व्यापक वातावरण निर्माण करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों एवं संबंधित अमले को निर्देशित किया गया कि वे घर-घर संपर्क कर असाक्षरों को परीक्षा के लिए आमंत्रित करें तथा उन्हें परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।


विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि उल्लास साक्षरता अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी-कर्मचारी समन्वय के साथ कार्य करें और अधिक से अधिक असाक्षरों की परीक्षा में सहभागिता सुनिश्चित करें। सभी संकुलों में प्रश्न उत्तर पुस्तिका एवं आवश्यक स्टेशनरी का वितरण किया गया है इस अवसर पर संजय टांडिया नोडल साक्षरता,नीरज राय,सीएसी नरेंद्र पैकरा ,सूरज राय,विनय राठौर,अजीत जायसवाल,नीरज जायसवाल,रामशरण किरण सहित ब्लॉक के सीएसी उपस्थित थे।