आशीष कुमार साहू रिपोर्टर मस्तूरी बिलासपुर

(बिलासपुर)राज्य शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मटिया में कक्षा 9वीं की 50 छात्राओं को निःशुल्क सरस्वती साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बालिका शिक्षा समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने विद्यालय के खेल मैदान के समतलीकरण हेतु आवश्यक राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की।

विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य सतकली बावरे ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था के लिए वाटर फिल्टर उपलब्ध कराने की घोषणा की। वहीं विधानसभा क्षेत्र मस्तूरी के प्रतिनिधि अरविंद लहरिया ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए छात्राओं से नियमित अध्ययन एवं अनुशासित जीवन अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य राजेश शांडिल्य ने की। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं आवश्यकताओं की जानकारी अतिथियों के समक्ष प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षकगण, पालक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

साइकिल वितरण के दौरान सभी 50 छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने शासन एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, पालकों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया गया। संपूर्ण आयोजन उत्साह, अनुशासन एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।