कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम

(गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के अवसर पर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के दौरान जिले में विविध जनकल्याणकारी एवं जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सेवा संकल्प अभियान के प्रथम दिवस 17 सितंबर को शाम 7 बजे जिले में दो लाख आशीर्वाद के दीप प्रज्वलित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर मल्टीपर्पस स्कूल मैदान पेंड्रा में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जहां 11 हजार दीये जलाए जाऐंगे। इसके साथ ही जनभागीदारी के साथ मरवाही जनपद के 10, गौरेला जनपद के 8 और पेण्ड्रा जनपद के 7 चयनित ग्राम पंचायतों में 25 हजार दीयों के साथ पेंड्रा स्थित दुर्गा सरोवर, जिले के सभी अमृत सरोवरों, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों, महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों, बिहान समूह की महिलाओं, सभी शासकीय कार्यालयों, संस्थाओं में दीप प्रज्वलन किया जाएगा। 

कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक में की अभियान की तैयारियों की समीक्षा

     कलेक्टर विजय दयाराम के. ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर आपसी समन्वय के साथ अभियान के लिए निर्धारित कैलेंडर के अनुसार कार्यक्रमों का प्रभावी आयोजन एवं क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान जनभागीदारी से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने अभियान के सभी पहलों की समयबद्ध तैयारी करते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरुप पालन सुनिश्चित करने कहा। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों एवं आयोजित गतिविधियों की फोटो एवं वीडियो सहित जानकारी निर्धारित गूगल ड्राइव में नियमित रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए, ताकि अभियान की गतिविधियों का समुचित दस्तावेजीकरण एवं संधारण सुनिश्चित किया जा सके। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि 17 सितंबर को अपने घरों, ग्रामों, कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान में सहभागी बनें और जनभागीदारी के इस अभियान को सफल बनाएं।