चितरंजन कुमार प्रसाद रिपोर्टर कोरबा

(कोरबा) कुदुरमाल स्थित जय मां भवानी गौशाला में गोपाष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गौशाला में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर से पहुंचे लगभग एक हजार श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

गौशाला संचालक देवेंद्र पांडे के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी सहित जिले के अनेक गणमान्य नागरिकों, अतिथियों और गौसेवा से जुड़े लोगों की उपस्थिति रही। विधि-विधान से गौमाता की पूजा-अर्चना और महाआरती की गई। इसके पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।


कार्यक्रम में गीतकार देवेश शर्मा की संगीतमय प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजनों और मधुर संगीत के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। आयोजन में बड़ी संख्या में आम नागरिकों की सहभागिता ने गोसेवा और गौसंरक्षण के प्रति लोगों की आस्था को प्रदर्शित किया।


इस अवसर पर गौ उत्पाद प्रशिक्षण प्रमुख, गौ सेवा गतिविधि छत्तीसगढ़ की लालिमा जायसवाल ने कहा कि गोपाष्टमी केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि गौमाता के प्रति श्रद्धा, सेवा और संरक्षण का संकल्प लेने का अवसर है। गौमाता की सेवा भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है। उन्होंने लोगों से गौसेवा एवं संरक्षण के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।


आयोजन का समापन भक्तिमय वातावरण में हुआ।