दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा) मोन्ट्रा इलेक्ट्रिक सुपर ऑटो की कोरबा जिले में संचालित एजेंसी एवं सर्विस सेंटर बंद किए जाने की आशंका को लेकर वाहन उपभोक्ताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की है। उपभोक्ताओं ने बताया कि कोरबा जिले में 100 से अधिक लोगों ने प्लॉट नंबर 427, टीपी नगर, टाटा शोरूम के पीछे स्थित रॉयल मोटर मोन्ट्रा एजेंसी से इलेक्ट्रिक सुपर ऑटो खरीदे हैं।

ज्ञापन में बताया गया कि संबंधित कंपनी द्वारा कोरबा में संचालित मोन्ट्रा इलेक्ट्रिक सुपर ऑटो की एजेंसी/डीलरशिप एवं सर्विस सेंटर बंद कर जिले से कारोबार समेटने की तैयारी की जा रही है। यदि ऐसा होता है तो वाहन उपभोक्ताओं के सामने सर्विसिंग, बैटरी जांच, तकनीकी खराबी, स्पेयर पार्ट्स, वारंटी-गारंटी एवं मरम्मत से जुड़ी समस्याएं खड़ी हो जाएंगी।

उपभोक्ताओं का कहना है कि अधिकृत सर्विस सेंटर बंद होने के बाद उन्हें अपने वाहनों की सर्विस एवं मरम्मत के लिए दूसरे जिले में जाना पड़ेगा। इससे अतिरिक्त आर्थिक खर्च, समय की बर्बादी और परेशानी का सामना करना पड़ेगा। वाहन खरीदते समय कंपनी की ओर से सर्विस और वारंटी-गारंटी सुविधाओं का भरोसा दिलाया गया था।

उपभोक्ताओं ने कलेक्टर से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित डीलर को बुलाकर वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने तथा सर्विस सेंटर एवं आवश्यक सुविधाएं जारी रखने के निर्देश देने की मांग की है। साथ ही एजेंसी बंद होने की स्थिति में वैकल्पिक अधिकृत सर्विस व्यवस्था उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।