दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़ 

(बलौदा) रक्षाबंधन के पावन अवसर पर भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के रिश्ते की सुंदर मिसाल देखने को मिली। भाजपा महिला मोर्चा मंडल बलौदा की ओर से पुलिस थाना बलौदा पहुंचकर पुलिस जवानों को राखी बांधी गई और उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई।

भाजपा महिला मोर्चा मंडल बलौदा की अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य पद्मिनी भोई, कोषाध्यक्ष नीलम प्रधान, महालक्ष्मी सेवा समिति बलौदा की संस्थापक एवं जिला मंत्री वर्षा साहू ने थाना प्रभारी सुनील कंवर सहित थाना स्टाफ की कलाई पर राखी बांधी। इस दौरान हलवलदार बाजीपाल बाघ, आरक्षक राजेश बारीक, विजय डडसेना सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

राखी बांधने के दौरान महिलाओं ने पुलिस जवानों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिस तरह भाई अपनी बहन की रक्षा का संकल्प लेता है, उसी तरह पुलिस जवान दिन-रात समाज की सुरक्षा के लिए अपने कर्तव्य पर डटे रहते हैं। कई जवान त्योहारों के दौरान भी अपने परिवार से दूर रहकर ड्यूटी निभाते हैं।


पुलिस जवानों की कलाई पर राखी बांधने का यह अवसर भावुक और आत्मीय रहा। महिलाओं ने कहा कि यह धागा केवल भाई-बहन के रिश्ते का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज की सुरक्षा में जुटे पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान, विश्वास और अपनत्व का संदेश भी है।


रक्षाबंधन के अवसर पर बलौदा में आयोजित इस पहल ने सामाजिक सौहार्द की भावना को मजबूत किया। कार्यक्रम ने संदेश दिया कि रिश्ते केवल खून से नहीं, बल्कि कर्तव्य, विश्वास, सम्मान और अपनत्व से भी बनते हैं।