देवेन्द्र कुमार खूंटे रिपोर्टर रामपुर कोरबा

(कोरबा) ग्राम पंचायत तिलकजा में 15वें वित्त आयोग और समग्र शिक्षा अभियान की राशि के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता जितेंद्र कुमार साहू द्वारा कलेक्टर जनदर्शन में की गई शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में वित्तीय नियमों के विपरीत कुछ भुगतान निजी बैंक खातों में किए जाने की बात सामने आने का दावा किया जा रहा है, हालांकि अंतिम जांच रिपोर्ट अभी आना शेष है।

शिकायत में ग्राम पंचायत सचिव नविता दुबे, सरपंच तेरस बाई कंवर तथा सरपंच प्रतिनिधि देवमूरत कंवर पर विकास कार्यों के लिए प्राप्त शासकीय राशि के भुगतान में अनियमितता बरतने के आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि अधिकृत वेंडरों के स्थान पर कुछ राशि पंचों के निजी खातों में हस्तांतरित की गई, जो पंचायती राज एवं वित्तीय नियमों के विपरीत है।

मामले की जांच की जिम्मेदारी करारोपण अधिकारी चतुरानंद कंवर और वरिष्ठ करारोपण अधिकारी रामकुमार पैकरा को सौंपी गई है। जांच दल दस्तावेजों, बैंक लेनदेन और संबंधित अभिलेखों की जांच कर रहा है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि 15वें वित्त आयोग और समग्र शिक्षा अभियान की राशि गांव के विकास, बुनियादी सुविधाओं और शैक्षणिक अधोसंरचना के लिए निर्धारित होती है। यदि इस राशि का उपयोग नियमों के विपरीत हुआ है तो यह गंभीर वित्तीय अनियमितता का मामला है।

फिलहाल जिला प्रशासन की अंतिम जांच रिपोर्ट का इंतजार है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष अभी सामने नहीं आया है। ऐसे में मामले की अंतिम स्थिति जांच रिपोर्ट और प्रशासनिक निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगी।