दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(कोरबा) नए शिक्षण सत्र की शुरुआत के साथ जिला परिवहन कार्यालय कोरबा द्वारा जिले में संचालित स्कूल बसों का विशेष जांच अभियान शुरू किया गया है। जिला परिवहन अधिकारी अतुल असैय्या ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन एवं सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक स्कूल बस की 16 निर्धारित बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

जांच के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस, प्राथमिक उपचार किट, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास, स्पीड गवर्नर सहित अन्य सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया जा रहा है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष शिविर लगाकर बस चालकों एवं परिचालकों के स्वास्थ्य और नेत्र परीक्षण भी किए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।

जिला मुख्यालय में आयोजित जांच शिविर में अब तक 105 स्कूल बसों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कुछ बसों में आवश्यक सुरक्षा मानकों से संबंधित कमियां पाई गईं। ऐसे मामलों में संबंधित स्कूल प्रबंधन को कमियों को दूर करने के लिए सात दिनों का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि के बाद बसों की दोबारा जांच की जाएगी।

यदि खामियां बरकरार रहती हैं, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।जिला परिवहन अधिकारी ने सभी स्कूल संचालकों से विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।