देवेन्द्र कुमार खूंटे रिपोर्टर रामपुर कोरबा डीएम इंडिया न्यूज़ 

(कोरबा)भारत के महान अभियंता एवं दूरदर्शी व्यक्तित्व सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर 15 सितंबर को राष्ट्रीय अभियंता दिवस मनाया गया। इसी क्रम में जिले के एकमात्र तकनीकी महाविद्यालय इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईटी) कोरबा में अभियंता दिवस का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम में सर विश्वेश्वरैया के जीवन, उनके योगदान और उपलब्धियों को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि देश के विकास और नवनिर्माण में अभियंताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। सर विश्वेश्वरैया का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उनके कार्यों से वर्तमान पीढ़ी को सीख लेकर अपनी प्रतिभा और क्षमताओं को विकसित करने का प्रयास करना चाहिए।


इस अवसर पर विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि प्रत्येक व्यक्ति में कुछ नया करने और अपनी प्रतिभा को सामने लाने की क्षमता होती है। अभियंता बनने के लिए केवल डिग्री हासिल करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि अनुभव, तकनीकी ज्ञान, रचनात्मक सोच और समस्या समाधान की क्षमता भी आवश्यक है। इन गुणों के माध्यम से व्यक्ति राष्ट्र के विकास और नवनिर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।


कार्यक्रम में संस्था के प्रभारी प्राचार्य जीएल सोनकर, प्रोफेसर केसी सुनहरे, सहायक प्राध्यापक पंकज स्वर्णकार सहित महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा। उपस्थित सदस्यों ने सर विश्वेश्वरैया के आदर्शों को अपनाते हुए तकनीकी शिक्षा और नवाचार को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।