अमर भारद्वाज सह-स्टेट हेड छत्तीसगढ़ डीएम इंडिया न्यूज़

(जांजगीर-चांपा)दीपावली का पर्व उत्साह, उमंग, खुशियों और उल्लास के साथ रंगोली की खूबसूरती के लिए भी जाना जाता है। घरों के द्वार पर बनाई जाने वाली रंग-बिरंगी रंगोली त्योहार की रौनक बढ़ाने के साथ ही मां लक्ष्मी के स्वागत का प्रतीक मानी जाती है। छोटी दीपावली एवं रूप चतुर्दशी के अवसर पर चांपा के डागा कॉलोनी बरपाली चौक निवासी रोशन लाल हार्डवेयर स्टोर्स परिवार के घर में भी रंगोली की आकर्षक छटा देखने को मिली।

कमला देवी के घर पर छोटे भाई लक्ष्य ऐरन अग्रवाल ने अपनी बड़ी बहन अंशिका अग्रवाल के सहयोग और माता-पिता अजय एवं मधु ऐरन अग्रवाल के मार्गदर्शन में शानदार फूलों की रंगोली बनाई। लक्ष्य ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता का परिचय देते हुए रंगों से सुंदर फूलों की आकृति उकेरी, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

लक्ष्य को बचपन से ही अपनी बड़ी बहन अंशिका को रंगोली बनाते देखकर इस कला के प्रति रुचि जागृत हुई। इस दीपावली पर उसने स्वयं रंगोली बनाने में विशेष उत्साह दिखाया और अपनी प्रतिभा से परिवारजनों को प्रभावित किया। उसकी बनाई रंगोली को घर-परिवार के सदस्यों के साथ डागा कॉलोनी के लोगों ने भी खूब सराहा।


दीपावली सुख-समृद्धि, उन्नति, स्वच्छता और अंतर्मन की पवित्रता का महापर्व है। बच्चों की ऐसी रचनात्मक पहल त्योहार की खुशियों को और भी खास बना देती है। रंगों से सजी यह रंगोली भाई-बहन के प्रेम और पारिवारिक संस्कारों की सुंदर झलक बनी।


शुभ दीपावली!