दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज

(भिलाई) द फ्लैश एकेडमी, भिलाई में NEET परीक्षा में सफल विद्यार्थियों के सम्मान में गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासन, पुलिस, शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अतिथियों ने विद्यार्थियों की सफलता की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में नगर पुलिस अधीक्षक निशांत पाठक, जिला आबकारी अधिकारी दुर्ग अंकुश बेनर्जी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस प्रांशु तिवारी, सहायक संचालक छत्तीसगढ़ स्टेट ऑडिट चंद्रकांत सोम, सुप्रिटेंडेंट सेंट्रल जीएसटी आशीष बिस्वास, भिलाई टाइम्स के संस्थापक एवं संपादक यशवंत साहू तथा हिंदू मिलन सेवा समिति भिलाई के जनरल सेक्रेटरी सुभाष साहा विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

द फ्लैश एकेडमी के डायरेक्टर तुहीन मंडल ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें शॉल ओढ़ाकर और स्टेथस्कोप प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र में मेहनत, अनुशासन और सेवा भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

55 के बैच में 25 का चयन

एकेडमी के अनुसार इस वर्ष करीब 55 विद्यार्थियों के बैच में 25 विद्यार्थियों का NEET में चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थियों में बड़ी संख्या ऐसे परिवारों से है, जो निम्न और निम्न-मध्यमवर्गीय आर्थिक पृष्ठभूमि से आते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यार्थियों ने मेहनत और लगन के बल पर सफलता हासिल की।


बच्चों की सफलता का जिक्र होते ही कई अभिभावक भावुक हो गए। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत के साथ एकेडमी के डायरेक्टर तुहीन मंडल और पूरी टीम के मार्गदर्शन को सफलता में महत्वपूर्ण बताया। अभिभावकों ने संस्था के प्रति आभार जताते हुए कहा कि बच्चों के डॉक्टर बनने का सपना अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ा है।

साइबर अपराधों से बचने की दी जानकारी

समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस की ओर से विद्यार्थियों और अभिभावकों को साइबर सिक्योरिटी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध, संदिग्ध लिंक और अन्य डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए। साथ ही किसी अनजान व्यक्ति के साथ गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने और ऑनलाइन गतिविधियों में सतर्कता बरतने की अपील की।


विद्यार्थियों की उपलब्धि, अभिभावकों की भावनाएं और शिक्षकों के समर्पण ने समारोह को प्रेरणादायक बना दिया। अंत में द फ्लैश एकेडमी परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।