DMFT की पहल से 11वीं और ड्रॉपर विद्यार्थियों को मिलेगा मेडिकल व IIT प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी का अवसर

धनेश देवांगन बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ

(कोरबा) जिले के मेधावी विद्यार्थियों को मेडिकल और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन कोरबा ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। जिला खनिज संस्थान न्यास (DMFT) के अंतर्गत ‘DISHA’ (DMFT Korba Initiative for Students' Higher Education Achievement) योजना शुरू की गई है। इसके तहत पात्र विद्यार्थियों को NEET एवं JEE की तैयारी के लिए निःशुल्क आवासीय कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।


इस योजना का उद्देश्य आर्थिक या अन्य संसाधनों की कमी के कारण गुणवत्तापूर्ण कोचिंग से वंचित रह जाने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।


आवास, पौष्टिक भोजन से लेकर अध्ययन सामग्री तक की सुविधा..


DISHA योजना के तहत कक्षा 11वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों तथा 12वीं उत्तीर्ण कर ड्रॉपर के रूप में NEET/JEE की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को निःशुल्क आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित आवास, पौष्टिक भोजन, अनुभवी फैकल्टी द्वारा नियमित कक्षाएं, अध्ययन सामग्री एवं नोट्स की व्यवस्था की जाएगी।


इसके साथ ही विद्यार्थियों को टेस्ट सीरीज, मॉक टेस्ट, डिजिटल लर्निंग सपोर्ट, Wi-Fi सुविधा और नियमित मूल्यांकन का लाभ भी मिलेगा। विद्यार्थियों की व्यक्तिगत शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।


75 प्रतिशत अंक वाले विद्यार्थी होंगे पात्र..


योजना में चयन के लिए विद्यार्थियों के लिए निर्धारित पात्रता मानदंड भी तय किए गए हैं। कक्षा 11वीं के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को कक्षा 10वीं में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक प्राप्त होना आवश्यक है। वहीं ड्रॉपर बैच के विद्यार्थियों के लिए कक्षा 12वीं में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक अनिवार्य रखे गए हैं।


आवेदक का कोरबा जिले का पात्र निवासी होना जरूरी है...


 विद्यार्थियों का चयन पूर्ववर्ती कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार होने वाली मेरिट सूची के माध्यम से किया जाएगा।


*0 सितंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन..


इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी 10 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन के लिए विद्यार्थियों को निर्धारित QR कोड स्कैन कर NEET अथवा JEE कोचिंग के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा।


योजना के अंतर्गत कक्षाएं अक्टूबर 2026 से प्रारंभ होने की संभावित है। आवेदन अथवा योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी अपने विद्यालय के प्राचार्य, संबंधित ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) अथवा जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), कोरबा कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।


मेधावी विद्यार्थियों के सपनों को मिलेगी उड़ान


जिला प्रशासन की यह पहल कोरबा जिले के उन प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है, जो भविष्य में डॉक्टर, इंजीनियर बनकर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में अध्ययन करना चाहते हैं। निःशुल्क आवासीय कोचिंग, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और डिजिटल सुविधाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को NEET एवं JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर तरीके से तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।