कलेक्टर के निर्देश पर जिले के चारों तहसीलों में प्रत्येक सोमवार को हो रहा जनदर्शन

कृष्णा पाण्डेय जिला ब्यूरो चीफ जीपीएम 

       (गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही)कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर आम नागरिकों की राजस्व संबंधी समस्याओं एवं प्रकरणों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से जिले के चारों तहसील कार्यालयों में प्रत्येक सोमवार को तहसील स्तरीय जनदर्शन आयोजित किया जा रहा है। आज आयोजित जनदर्शन में जिले के चारों तहसीलों में कुल 26 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 8 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। तहसील पेंड्रारोड में आयोजित जनदर्शन के दौरान 6 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 5 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इस दौरान पात्र आवेदकों को किसान किताब का वितरण किया गया तथा त्रुटि सुधार से संबंधित प्रकरणों में तत्काल ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवश्यक आदेश भी पारित किए गए।

        तहसील कार्यालय पेंड्रा में आयोजित जनदर्शन में 8 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 3 आवेदनों का निराकरण किया गया, जबकि 4 प्रकरण न्यायालय में लंबित हैं, जिनका शीघ्र निराकरण किए जाने की कार्रवाई की जा रही है। एक नया प्रकरण न्यायालय में दर्ज किया गया है। तहसील कार्यालय सकोला में आयोजित जनदर्शन में 4 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1 फौती नामांतरण, 1 नकल आवेदन तथा 2 त्रुटि सुधार से संबंधित आवेदन शामिल हैं। प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इसी तरह तहसील कार्यालय मरवाही में आयोजित जनदर्शन में 8 आवेदन प्राप्त हुए। जनदर्शन के दौरान पात्र आवेदकों को जाति प्रमाण पत्र एवं किसान किताब का वितरण किया गया। कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों एवं राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके और उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाना पड़ें।