राकेश कुमार राठौर जिला ब्यूरो चीफ सक्ती

  (सक्ती)गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षित मातृत्व को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से केंद्र शासन द्वारा संचालित प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सहारा बनकर सामने आ रही है। इस योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच और आवश्यक देखभाल के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, ताकि मां और शिशु दोनों स्वस्थ रह सकें। योजना के अंतर्गत प्रथम गर्भावस्था में महिलाओं को कुल 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन किस्तों में दी जाती है। इसमें पहली किस्त 1 हजार रुपये तथा दूसरी और तीसरी किस्त 2-2 हजार रुपये की होती है, जो सीधे हितग्राही के बैंक खाते में जमा की जाती है।

    सक्ती जिले में भी यह योजना कई गर्भवती महिलाओं के लिए आर्थिक संबल साबित हो रही है। विकासखंड सक्ती अंतर्गत ग्राम रगजा की निवासी श्रीमती सरोजनी टोप्पो को भी इस योजना का लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि गर्भावस्था के दौरान परिवार की सीमित आय के कारण घर का खर्च चलाने के साथ-साथ पोषण और इलाज का ध्यान रखना काफी कठिन हो रहा था। फल, दूध और दवाइयों जैसी आवश्यक चीजों की व्यवस्था करना कई बार मुश्किल हो जाता था और बच्चे के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी रहती थी। सरोजनी टोप्पो ने बताया कि गांव की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने आवेदन किया। आवेदन स्वीकृत होने के बाद उन्हें पहले बच्चे के लिए किस्तों में कुल 5 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त हुई। इस राशि से उन्हें फल, दूध और आवश्यक दवाइयां खरीदने के साथ ही समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने में काफी मदद मिली। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना गर्भवती महिलाओं के लिए बेहद उपयोगी है। इससे उन्हें गर्भावस्था के दौरान बेहतर पोषण और स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने में सहायता मिलती है तथा सुरक्षित और स्वस्थ मातृत्व को बढ़ावा मिल रहा है।