भोलाशंकर रिपोर्टर कुसमुंडा कोरबा

(कोरबा) प्रधान पाठक सर्वेश सोनी ने रक्षाबंधन के अवसर पर विद्यार्थियों के स्नेह को जीवन का सबसे बड़ा सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल पुरस्कार से भी बड़ा पुरस्कार विद्यार्थियों का विश्वास, स्नेह और लगाव जीतना है। आज सभी छात्राओं ने स्वयं राखी का निर्माण किया और स्नेहपूर्वक उनकी कलाई पर राखी बांधी। उन्होंने कहा कि छात्राओं के इस अपनत्व से उनकी कलाई ही नहीं, बल्कि मन भी खिल उठा।

इस अवसर पर प्रधान पाठक सोनी ने अपने एक ‘अशोक वृक्ष मित्र’ को भी राखी पहनाई और उसके पोषण, संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प दोहराया। उन्होंने बताया कि यह अशोक वृक्ष उनके लिए जीवनभर गौरव का प्रतीक रहेगा।

उन्होंने स्मृतियां साझा करते हुए बताया कि भीषण गर्मी के अप्रैल-मई माह में गेवरा, दीपका, कुसमुंडा और लक्ष्मण परियोजना के भूविस्थापितों की जनसुनवाई आयोजित हुई थी। तत्कालीन कलेक्टर पी. दयानंद, एसडीएम कटघोरा वीरेंद्र पामभोई एवं मेश्राम सहित अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित थे। कार्यक्रम के बाद वापस लौट रहे थे तब उन्होंने कलेक्टर से स्कूल परिसर में अशोक का पौधा लगाने का आग्रह किया था। कलेक्टर ने मुस्कुराते हुए मानसून आने पर पौधा लगाने की बात कही, लेकिन प्रधान पाठक ने स्वयं पौधा रोप दिया।


गर्मी की छुट्टियों में भी वे लगभग रोज स्कूल पहुंचकर पौधे को पानी देते और छाया सहित उसकी देखभाल करते रहे। आज वही पौधा विशाल वृक्ष बन चुका है। उसे देखकर उन्हें पर्यावरण संरक्षण और अपने संकल्प की सार्थकता पर गर्व महसूस होता है।