राकेश कुमार राठौर जिला ब्यूरो चीफ सक्ती

(सक्ती) जिले के ग्राम झर्रा में भूमि सीमांकन एवं बटांकन से जुड़ा मामला वर्षों से लंबित होने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2022 में इस संबंध में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया था, लेकिन कई वर्ष बीतने के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। इसे लेकर भू-स्वामियों में नाराजगी बनी हुई है।

बताया गया कि संबंधित अधिकारियों द्वारा भूमि का सीमांकन किया गया था, लेकिन भू-स्वामियों का दावा है कि सीमांकन की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हुई है। उनका यह भी आरोप है कि जिन अधिकारियों द्वारा पूर्व में जांच एवं सीमांकन की कार्रवाई की गई थी, उन्हीं की ओर से अब उक्त जांच को गलत बताया जा रहा है। इससे मामला और अधिक उलझ गया है।

भू-स्वामियों का कहना है कि वे समस्या के समाधान के लिए लगातार तहसील कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षित राहत नहीं मिल रही है। उनका आरोप है कि तहसीलदार कार्यालय पहुंचने पर कई बार संबंधित अधिकारी उपलब्ध नहीं रहते, जिससे उनकी परेशानी बढ़ रही है।

मामले को लेकर जिला गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा भी संबंधित अधिकारियों को कई बार प्रतिवेदन, सूचनार्थ पत्र एवं स्मरण पत्र सौंपे जाने की बात कही गई है। संगठन ने प्रशासन से लंबित सीमांकन एवं बटांकन की निष्पक्ष जांच कराकर शीघ्र समाधान की मांग की है। साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।